बहराइच , सितंबर 07 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से घर के पास से लापता हुई चार वर्षीय बच्ची सोमवार को चौथे दिन गांव के बाहर जख्मी हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,थानाक्षेत्र के गांव निवासी गुलसुम की करीब चार वर्षीय पुत्री आयशा(परिवर्तित नाम) चार दिन पहले घर के पास से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चलने पर फखरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी।

सोमवार को बच्ची गांव के बाहर जख्मी हालत में मिली। बच्ची के मिलने की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना मिलने पर अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, फखरपुर थाना प्रभारी राम कुमार राजभर और वजीरगंज चौकी प्रभारी अजीत त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है।

थाना प्रभारी राम कुमार राजभर ने बताया कि लापता बच्ची को बरामद कर लिया गया है और उसे आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस बच्ची के लापता होने से लेकर उसके जख्मी हालत में मिलने तक की परिस्थितियों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और बच्ची के घायल होने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित