बहराइच , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रिसिया रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के निकट गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजय बहादुर सिंह (30) निवासी ग्राम सिदिलपुर, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। उसका विवाह लगभग छह वर्ष पूर्व मटेरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर-शंकरपुर निवासी गोपाल सिंह की पुत्री रेखा से हुआ था। गुरुवार सुबह रिसिया-मटेरा रेलखंड पर पश्चिमी 51 समपार फाटक के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों ने रिसिया पुलिस और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पाण्डेय, चौकी प्रभारी बिहारी सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद जीआरपी थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। बताया गया कि विजय बहादुर अपनी ससुराल पक्ष के संपर्क में रिसिया आता-जाता था। उसके सास-ससुर रिसिया कस्बे में किराये के मकान में रहते हैं। परिजनों के अनुसार वह दो दिन पहले बहराइच जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित