बहराइच , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच स्थित महाराजा सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय स्थित कॉलेज ऑफ नर्सिंग में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के निर्देशानुसार 'कैंपस कॉलिंग प्रोग्राम' का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में लैंगिक संवेदनशीलता विकसित करना, यौन उत्पीड़न की रोकथाम तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान चलचित्र के माध्यम से छात्र-छात्राओं को पोस्को अधिनियम, जेंडर समानता और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि कार्यस्थल और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में महिमा मिश्रा, खुशी सिंह, खुशी शुक्ला, सिद्धार्थ अवस्थी एवं राजकुमार यादव को 'कैंपस एंबेसडर' के रूप में चयनित किया गया, जो भविष्य में जागरूकता गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित