बहराइच , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को सरयू नहर में स्नान के दौरान एक युवक के डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड के साथ स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश की मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि भवानीपुर बनकट चौबे पुरवा निवासी कुलदीप गोस्वामी (18) अपने ननिहाल गोसाईपुर पेरा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार को वह अपने कुछ मित्रों के साथ श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में स्नान करने गया था। बताया जाता है कि नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए तथा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद विशेश्वरगंज पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों तथा राहत दल की सहायता से नहर में कई घंटों तक युवक की तलाश की गई। नहर के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन की ओर से बताया गया कि युवक की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है तथा अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित