बहराइच , मई 15 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की मोतीपुर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में न्यायालय परिसर से फरार हो गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के आदेशानुसार मोतीपुर थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की। इस सम्बन्ध आज शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल की रात एसएसबी और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल निवासी टेक बहादुर नेपाली को 18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना मोतीपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। 30 अप्रैल को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां रिमांड की कार्रवाई के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर न्यायालय से फरार हो गया। इस मामले में कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 261 और 262 के तहत एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि मोतीपुर पुलिस टीम ने 14 मई देर शाम फूटहा चौराहा जंगल बलईगांव क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान टेक बहादुर नेपाली (28) पुत्र शेर बहादुर नेपाली, निवासी वार्ड नंबर चार, पालिका बैजनाथ, थाना कोहलपुर, जिला बांके, नेपाल के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक शोभनाथ यादव, उपनिरीक्षक अनिल यादव, कांस्टेबल जय प्रकाश, कांस्टेबल सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल अभिनव श्रीवास्तव तथा हेड कांस्टेबल रितेश कुमार शामिल रहे।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित