बहराइच , सितम्बर 07 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 116 ग्राम स्मैक भी बरामद की जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जाती है,टीम ने भारतीय और नेपाली मुद्रा के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छह सितम्बर की रात थाना क्षेत्र के दशहरा बाग इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस और एसएसबी के द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक महिला को पकड़ा गया। उसकी पहचान दशहरा बाग नई बस्ती निवासी करीब 40 वर्षीय शकीला बीबी, पत्नी मोहम्मद इस्लाम उर्फ लालबादशाह के रूप में हुई।

टीम की तलाशी के दौरान उसके पास से 116 ग्राम स्मैक,21,029 रुपये भारतीय मुद्रा, 23,800 रुपये नेपाली मुद्रा तथा एक वीवो वी60 मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। बरामदगी के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ थाना रुपईडीहा में मुकदमा संख्या 237/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 116 ग्राम स्मैक, भारतीय एवं नेपाली मुद्रा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद स्मैक की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 35 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील रुपईडीहा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित