बहराइच , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की महसी तहसील में बार एसोसिएशन द्वारा चल रही कलमबंद हड़ताल के बीच जिला प्रशासन ने उप जिलाधिकारी आलोक प्रसाद का तबादला कर दिया है। उन्हें तहसील महसी से हटाकर तहसील सदर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है। वहीं उनकी जगह प्रकाश सिंह को महसी का नया उप जिलाधिकारी बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि महसी बार एसोसिएशन के अधिवक्ता पिछले पांच दिनों से एसडीएम आलोक प्रसाद पर जातिवादी मानसिकता रखने तथा वादकारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कलमबंद हड़ताल पर थे। हड़ताल के कारण तहसील का न्यायिक व प्रशासनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा था, जिससे आम वादकारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
उप निबंधक कार्यालय महसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते रजिस्ट्री कार्य भी पूरी तरह ठप रहा। स्टाम्प शुल्क एवं अन्य मदों में अब तक लगभग 40 लाख रुपये से अधिक के राजस्व नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
बार एसोसिएशन महसी के अध्यक्ष भारत प्रसाद मिश्र ने पहले स्पष्ट किया था कि जब तक एसडीएम को हटाया नहीं जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा। महामंत्री रामकर्ण त्रिपाठी ने भी शासन स्तर तक आवाज उठाने की बात कही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित