बहराइच , सितम्बर 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में बुधवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसआईआर, बेरोजगारी, महंगाई तथा दलितों और पिछड़ों के उत्पीड़न के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। पीपल तिराहे के पास प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने पुतला अपने कब्जे में लेने की कोशिश की, जिसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक गहमागहमी का माहौल रहा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह ने 'वार्ता' को बताया कि युवा कांग्रेस ने एसआईआर, बेरोजगारी, महंगाई तथा दलित-पिछड़ों के उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुतलों का दहन किया गया।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारों के प्रति जनता का विश्वास खत्म हो चुका है और प्रदेश सरकार महंगाई तथा रोजगार के मुद्दे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए युवा परेशान हैं और सरकार को इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से बेरोजगारी, महंगाई तथा सामाजिक उत्पीड़न से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान लगातार नारेबाजी की। पुलिस के मौके पर पहुंचने और पुतला फूंकने को लेकर हुए विवाद के बाद स्थिति को संभाल लिया गया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित