बहराइच, जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक निजी स्कूल बस की चपेट में आने से एक नेपाली युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर मंडहवा गांव के पास हुआ। चरदा क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल की बस बच्चों को लेने जा रही थी। इसी दौरान नवाबगंज से नेपाल की ओर जा रही बाइक को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।

दुर्घटना में बाइक चला रहे भगता बहादुर सिंह (38) निवासी जगत पौधारू, बहरी जाजर कोट (नेपाल) बस के पहिए के नीचे आ गए, जिससे सिर कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे 40 वर्षीय प्रताप सिंह निवासी जाजर कोट (नेपाल) गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज रमाशंकर यादव मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि निजी स्कूल बस और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित