बहराइच , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रामगांव क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो छात्रों की रोडवेज बस की चपेट में आने से मृत्यु हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहराइच-नानपारा मार्ग पर झिंगहा घाट स्थित हनुमान मंदिर के सामने यह हादसा उस समय हुआ जब राजापुर माफी गांव निवासी आशाराम का पुत्र मस्तराम (17) अपने ममेरे भाइयों रोहित और जयहिंद के साथ हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए निकला था। तीनों का परीक्षा केंद्र नगर स्थित सिटी मांटेसरी स्कूल में निर्धारित था।

उन्होने बताया कि झिंगहा घाट के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों छात्र सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मस्तराम और रोहित को मृत घोषित कर दिया। घायल जयहिंद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित