बहराइच , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि उसके साथी को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के मारी माता मंदिर के पास गोलवा घाट मार्ग पर हुई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार दरगाह थाना क्षेत्र के सलारगंज मोहल्ला निवासी उत्कर्ष अपने मित्र नीरज कुमार, निवासी जनपद सीतापुर, के साथ बाइक से गोलवा घाट की ओर गया था। दोनों वहां चाय पी रहे थे, तभी दो चारपहिया वाहनों में सवार होकर चार लोग मौके पर पहुंचे और उत्कर्ष से विवाद करने लगे।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उत्कर्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं नीरज कुमार पर हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह भी लहूलुहान हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उत्कर्ष की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि घायल उत्कर्ष ने पूछताछ में बताया है कि वाहन खड़ा करने को लेकर उसका आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि घायल की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त मार्ग पर खुलेआम गोलीबारी और मारपीट की घटना से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित