बहराइच , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की कोतवाली देहात पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49,500 रुपये नकद, एक लेनोवो टैबलेट और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत सतीश चन्द्र 14 अक्टूबर को बेड़नापुर क्षेत्र से वसूली कर मोटरसाइकिल से बहराइच लौट रहे थे। इसी दौरान महाकाल पेट्रोल पंप के पास अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें धक्का देकर उनका बैग छीन लिया था। बैग में नकदी, टैबलेट, पावर बैंक और बायोमैट्रिक मशीन रखी थी। घटना के संबंध में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर गठित पुलिस टीम को बुधवार मुखबिर से झपटमारी करने वाले आरोपियों के बारे में सूचना मिली जिसपर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अहिरनपुरवा गोलवा से कहारनपुरवा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी तलाशी के दौरान 49,500 रुपये नकद और एक टैबलेट बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई अपाचे और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के वसूली कार्य और उसके आने-जाने के रास्ते की जानकारी थी। इसी आधार पर उन्होंने कथित रूप से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। छीनी गई नकदी आपस में बांट लेने के बाद उन्होंने बैग और बायोमैट्रिक मशीन रास्ते में फेंक दी थी। बरामदगी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 317(2) और 3(5) भी बढ़ाई गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यदेव विश्वकर्मा उर्फ सत्या और विपिन यादव, निवासी विजौवापुर, थाना फखरपुर, बड़कऊ उर्फ हुसैन, निवासी डोकरी, थाना बौंडी तथा सत्येन्द्र कुमार शुक्ला उर्फ सचिन, निवासी रामापुर किल्हौली, थाना फखरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम का नेतृत्व कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने किया। टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार मिश्र, हेमन्त सिंह, पियूष पाठक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित