बहराइच , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार देर रात पुलिस और अंतरजनपदीय चोर गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर अपराधी सम्भारी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
पुलिस ने अपराधियों के पास से चोरी की कई घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे पीली और सफेद धातु के जेवरात, नकदी, एक तमंचा, कारतूस तथा एक अर्टिगा कार बरामद करने में भी सफलता प्राप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कल देर रात अपराध शाखा की स्वाट टीम और खैरीघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नानपारा-खैरीघाट मार्ग के पास वैवाही रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात करने अथवा चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों से कुछ संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए घेराबंदी की तो एक अर्टिगा कार से उतरे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कार में मौजूद तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी की पहचान सम्भारी पुत्र भोखन निवासी अरनवा टिकुरी, थाना खैरीघाट, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में महेश चौहान पुत्र नानकुन और मोहित लाल पुत्र बदलू, दोनों निवासी अरनवा टिकुरी, थाना खैरीघाट, तथा अनिल विश्वकर्मा पुत्र बाकेलाल निवासी मीहीपुरवा रेलवे क्रॉसिंग, थाना मोतीपुर, बहराइच को शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य दो सदस्य पीछे से आ रही दूसरी कार से पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश और कांबिंग कर रही हैं।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में घायल सम्भारी खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध 36 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच के अलावा अन्य जनपदों में भी चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई है। हालांकि, इन घटनाओं में उनकी भूमिका की पुष्टि संबंधित मामलों की जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जानी है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जीवित कारतूस, एक अर्टिगा कार, पीली और सफेद धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद करने की जानकारी दी है। बरामद जेवरात और नकदी का विस्तृत विवरण तथा उनसे संबंधित चोरी की घटनाओं का ब्योरा पुलिस की ओर से उपलब्ध नहीं कराया गया है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित