बहराइच , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस और अंतरजनपदीय चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दो अन्य बदमाश एक अलग चार पहिया वाहन से पुलिस पर गोली चलाते हुए फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों को लगाया गया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने जरिए प्रेस कांफ्रेंस जानकारी देते हुए बताया कि खैरीघाट थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इनके खुलासे के लिए थाना खैरीघाट पुलिस और स्वाट टीम को लगाया गया था। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति सड़क पर एकत्र हैं और चोरी करने अथवा चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दो चार पहिया वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान वाहनों में सवार बदमाशों ने पुलिस दल पर गोलीबारी कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने एक वाहन से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे वाहन में सवार बदमाश भाग निकले। घायल आरोपी खैरीघाट क्षेत्र का निवासी हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध चोरी के तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा के रूप में हुई है।वहीं महेश चौहान के विरुद्ध 14 से अधिक, मोहित लाल के विरुद्ध 17 से अधिक और अनिल विश्वकर्मा के विरुद्ध नौ से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बहराइच सहित विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। कथित तौर पर गिरोह के सदस्य चार पहिया वाहनों से अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर चोरी करते थे और चोरी का सामान आपस में बांट लेते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित