बहराइच , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष पूरा होने के मौके पर "उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के 9 वर्ष" नाम से आयोजित नौ दिवसीय समारोह का बुधवार को बहराइच में शुभारम्भ किया गया।

कपूरथला परिसर स्थित उत्थान ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायक महसी सुरेश्वर सिंह ने एमएलसी पदमसेन चौधरी, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर मैट्रो एकेडमी के कलाकारों द्वारा गणेश वंदना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने समारोह को उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

समारोह के दौरान प्रदेश सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, निवेश, आधारभूत संरचना, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज भयमुक्त, निवेश के अनुकूल और तेजी से विकास करने वाला राज्य बन चुका है।

उन्होंने बताया कि बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जन्म से लेकर शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जा रही है। गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 181, वीमेन पावर लाइन 1090, एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला बीट पुलिसिंग जैसे प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

सांस्कृतिक एवं धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हुए विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे प्रमुख स्थलों का व्यापक विकास किया गया है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 1.56 अरब से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जिससे उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन में देश में प्रथम स्थान पर रहा। अयोध्या दीपोत्सव में 26 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया, वहीं काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ने प्रदेश को वैश्विक धार्मिक पर्यटन का केंद्र बना दिया है।

गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। डीबीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है और नवनिर्माण के ये 9 वर्ष विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित