बहराइच , अप्रैल 30 -- भारत-नेपाल सीमा पर 18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया एक नेपाली तस्कर गुरुवार को अदालत में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। एनडीपीएस जैसे गंभीर मामले के आरोपी के न्यायालय परिसर से फरार होने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जबकि बहराइच शहर से बाहर जाने वाले सभी संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात मोतीपुर थाना क्षेत्र के बलई गांव के पास भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम नेपाल से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल के बांके जिले के कोहलपुर थाना क्षेत्र निवासी टेक बहादुर नेपाली को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोतीपुर थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
गुरुवार पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेशी के लिए लेकर पहुंची। अदालत में पेशी के बाद उसे जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस अभिरक्षा से निकलकर मौके से फरार हो गया। आरोपी के फरार होते ही न्यायालय परिसर और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
सीमा पार तस्करी से जुड़े एक आरोपी का न्यायालय परिसर से फरार होना पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। एनडीपीएस जैसे गंभीर अपराध में गिरफ्तार आरोपी की अभिरक्षा में इस तरह की चूक को पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आरोपी की निगरानी को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र से एनडीपीएस के आरोप में लाया गया आरोपी न्यायालय में पेशी के दौरान फरार हो गया है। उसकी पुनः गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। बहराइच शहर से बाहर जाने वाले सभी संभावित मार्गों पर सघन चेकिंग कराई जा रही है। जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित