बहराइच , जनवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में बीते दिनों हुई दो हत्याओं की वारदातों को गंभीरता से लेते हुये समाजवादी पार्टी ने स्थलीय जांच का निर्णय लिया है।

पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 21 जनवरी को बहराइच पहुंच कर पयागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई दोनों हत्याओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लेगा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देगा।

पहली घटना नगर पंचायत पयागपुर के वार्ड संख्या 11 कटहरीबाग कोटबाजार की है, जहां 13 जनवरी की रात खेत की रखवाली के दौरान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदेव यादव (48) की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। जगदेव यादव सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति थे और वर्तमान सभासद विष्णु यादव के पिता थे। दूसरी घटना थाना पयागपुर क्षेत्र के ग्राम निबिहा की है, जहां 23 दिसम्बर की रात बहराइच गोंडा राजमार्ग पर शिवासिंह पुरवा के पास ननके यादव की हत्या कर उनका शव सड़क पर फेंक दिया गया था।

समाजवादी पार्टी का कहना है कि दोनों हत्याएं कानून-व्यवस्था की विफलता का स्पष्ट प्रमाण हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार यदि समय रहते प्रशासन ने सतर्कता बरती होती और अपराधियों पर सख्ती की गई होती, तो इन घटनाओं को रोका जा सकता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित