बहराइच , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नगर कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में संचालित देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो महिलाओं को मुक्त कराते हुए 3400 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तीन मई को पीआरवी को सूचना मिली थी कि नगर कोतवाली क्षेत्र के वजीरबाग इलाके में एक मकान में पुरुष और महिलाएं संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र भी मौके पर मौजूद रहे।पुलिस ने मौके से दो महिलाओं और तीन पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कल्पना सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह द्वारा की गई।
पुलिस द्वारा की गई मामले की जांच में पता चला कि उमेश कुमार के मकान में अनैतिक देह व्यापार का धंधा रघुनाथ प्रसाद संचालित कर रहा था पुलिस की जांच में आया कि रघुनाथ प्रसाद और उमेश कुमार महिलाओं को पैसे और काम का लालच देकर बुलाते थे और उनसे देह व्यापार कराया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि तीन मई को दो महिलाओं को बुलाकर कमरे में ठहराया गया था और ग्राहक के रूप में शाहनवाज को वहां बुलाया गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर पूरे मामले का खुलासा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित