बहराइच , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार बेखौफ बदमाशों ने एक बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) संचालक से कट्टे की नोक पर 2.53 लाख रुपये की नकदी, बीसी मशीन और बैग लूट लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अयोध्या प्रसाद शुक्ला पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर शुक्ला, निवासी रामउगर पुरवा, मौजा शिवदहा, थाना पयागपुर, मसढ़ी चौराहे पर बीसी केंद्र का संचालन करते हैं। सोमवार सुबह वह खजूरी स्थित इलाहाबाद बैंक से बैंक संबंधी कार्य पूरा कर अपने केंद्र लौट रहे थे। बताया गया कि अयोध्या प्रसाद पैडी गांव होते हुए नहर मार्ग से भिगुरी पुल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी कनपटी पर कट्टा सटाकर बैग और बीसी मशीन छीन ली। बैग में 2,53,000 रुपये की नकदी रखी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पयागपुर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की तथा बदमाशों की तलाश में संभावित मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की घटना से बीसी संचालकों, व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा नहर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष पयागपुर दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित ने केवल एक लाख दो सौ रुपए छीने जाने की बात कहते हुए तहरीर दी है मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं तथा जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित