बहराइच , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) देवीपाटन मंडल, गोण्डा की टीम ने मंगलवार को रिसिया थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार थाना रिसिया में तैनात उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र चौहान पर आरोप है कि उन्होंने एक शिकायतकर्ता के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में छेड़छाड़ से संबंधित धाराएं बढ़ाने तथा जेल न भेजने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद ट्रैप टीम प्रभारी के नेतृत्व में गठित एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दोपहर करीब 2:17 बजे आरोपी उपनिरीक्षक को थाना परिसर स्थित उसके सरकारी कक्ष में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष चन्द्र चौहान पुत्र स्वर्गीय रामानन्द चौहान निवासी ग्राम टेकुआ पाटी, थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में थाना रिसिया में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर तैनात था।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित