बहराइच , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में स्थित कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में एक तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शनिवार शाम सुजौली रेंज के अयोध्यापुरवा गांव की है, जहां बच्चे के पिता ने साहस का परिचय देते हुए तेंदुए से भिड़कर अपने बेटे की जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अयोध्यापुरवा निवासी अजमत अली अपने पुत्र फरजान (8) के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोनों खेतों के बीच स्थित रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पुलिया के पास खेत से निकलकर अचानक तेंदुए ने फरजान पर हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अजमत अली ने बेटे का हाथ नहीं छोड़ा और तुरंत तेंदुए से भिड़ गए। काफी संघर्ष के बाद उन्होंने तेंदुए को पीछे धकेल दिया और बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। हमले में फरजान के गले, गर्दन और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहिपुरवा रेफर कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित