बहराइच , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली नागरिक को एक किलो 126 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपालगंज रेलवे स्टेशन से नेपाल सीमा की ओर जाने वाले मार्ग पर पिलर संख्या 651/2 के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उसकी पहचान चित्र बहादुर शाही (23), निवासी जुनीचांदे गांव पालिका वार्ड संख्या-6, जिला जाजरकोट, नेपाल के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1.126 किलोग्राम चरस, एक मोबाइल फोन तथा 1,200 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई।

इस संबंध में शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र मिश्रा ने मीडिया को जरिए प्रेस नोट बताया कि थाना रूपईडीहा में बरामदगी के आधार पर थाना रुपईडीहा में मुकदमा अपराध संख्या 200/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि बरामद चरस की खेप किसे पहुंचाई जानी थी तथा इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित