बहराइच , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में एक महिला के गंभीर रूप से झुलसने की घटना में नया मोड़ सामने आया है। जहां पीड़िता ने अपने सौतेले भाइयों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के नूरुद्दीनचक निवासी चंदा (38) गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में शनिवार तड़के अपने घर से बाहर निकली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर शिवम् मिश्रा ने बताया कि दरगाह थाना क्षेत्र से एक चंदा नाम की महिला को गंभीर जले हुए अवस्था में यहाँ इलाज के लिए लाया गया था जिसको प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके सौतेले भाइयों मोहम्मद शफी, मोहम्मद शमी और मोहम्मद आश्मी तथा एक भतीजे ने जमीनी विवाद के चलते घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उसका कहना है कि आग लगने के बाद आरोपियों ने उसे और उसके पति राजीव को पकड़कर बांध दिया तथा मारपीट की।

पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई है। करीब चार मिनट की इस रिकॉर्डिंग में महिला का पति एक डिब्बा लेकर घर में प्रवेश करता दिखाई देता है। इसके बाद वह बाहर निकलकर अपनी मोटरसाइकिल घर के पीछे ले जाता है। कुछ ही क्षण बाद घर के अंदर तेज धमाके के साथ आग लग जाती है और महिला जलती हुई बाहर निकलती है। पति तत्काल वापस आकर आग बुझाने का प्रयास करता है और महिला को बाइक पर बैठाने की कोशिश करता है। इसी दौरान महिला का भाई और भतीजा वहां पहुंचते हैं और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई देती है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी तथ्यों, आरोपों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 3:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झुलसी महिला को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने कहा कि महिला के पति राजीव की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार चंदा और उसके सौतेले भाइयों के बीच नूरुद्दीनचक स्थित मकान को लेकर पिछले लगभग पांच वर्षों से सिविल विवाद चल रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मुकदमेबाजी हो चुकी है।पुलिस ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका का निर्धारण जांच रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। फिलहाल पीड़िता का उपचार लखनऊ में जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित