बहराइच , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर मकान मालिक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ और आरोपियों की तलाशी में कुल 75,000 रुपये से अधिक की नकदी, 52 ताश के पत्ते तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रूपईडीहा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रुपईडीहा थाना क्षेत्र के जमोग बाजार में राजेश नामक व्यक्ति के मकान के निचले तल पर बने हॉल में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जुए की फड़ से 61,320 रुपये नकद बरामद किए, जबकि गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी में 13,680 रुपये और विभिन्न प्रकार के मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते और ताश के पत्तों का एक खाली डिब्बा भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शान्तनू, शाबिर, सुल्तान, अरसद उर्फ सलमान, मुकेश, राजेश, सोनू, अनिश, नियाज अहमद, राम किशन और राजन के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपी जमोग थाना रुपईडीहा क्षेत्र के निवासी हैं। गिरफ्तार राजेश मकान मालिक है।

इस मामले में थाना रुपईडीहा में जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित