बहराइच , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच के थाना दरगाह शरीफ पुलिस ने थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को छीनी गई सोने की चेन,घटना के दौरान प्रयोग की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करते हुए आरोपी को न्यायालय भेजने में सफलता पाई है। इस संबंध में शुक्रवार को जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी नारायण दत्त मिश्र ने बताया कि प्रयागराज निवासी राजकुमारी पत्नी वरुण अरोरा जो कि वर्तमान में बहराइच के रायपुर राजा क्षेत्र में रहती हैं,वे चार अक्टूबर की शाम करीब 7:52 बजे वह कहीं आवश्यक कार्यवश कहीं जा रही थीं, तभी एक बाइक सवार युवक झपट्टा मारकर उनके गले से करीब सात ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर फरार हो गया था। पीड़िता की तहरीर पर दरगाह शरीफ थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर दरगाह शरीफ पुलिस और स्वॉट टीम को भी लगाया गया था। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया,और इसी से आरोपी की पहचान हो सकी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को मालगोदाम रोड से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान विष्णु कुमार यादव (30) निवासी सिरौला टेपरा, थाना हुजूरपुर को गिरफ्तार करते हुए जब उसकी तलाशी ली तो तलाशी के दौरान उसके पास से एक सोने की चेन,होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ,जिसे पुलिस की पूंछताछ में आरोपी ने घटना वाले दिन लूट का होना स्वीकार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित