बहराइच , मई 28 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर घाघरा नदी में नहाने गए पांच युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में तीन युवक नदी में लापता हो गए, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के कोरहवा मुंसारी गांव के पास घाघरा नदी में बुधवार दोपहर टिकोरा मोड़ निवासी गोलू जायसवाल (22), सूरज जायसवाल (19), कोतवाली देहात क्षेत्र के दहाव बेडनापुर निवासी मोहित यादव (25), माधव रेती निवासी राजकुमार (24) तथा मुरौवा निवासी शिवम सिंह (22) स्नान करने गए थे।
बताया गया कि नहाने के दौरान युवक नदी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सके और अचानक पानी के तेज प्रवाह में फंस गए। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्कत के बाद शिवम सिंह और राजकुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि गोलू जायसवाल, सूरज जायसवाल और मोहित यादव तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही हरदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया। पुलिस ने क्षेत्रीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। देर शाम तक पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चलाती रही, लेकिन लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित