बहराइच , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में मंगलवार गन्ने के खेत में गौवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुमईपुरवा गांव में मंगलवार तीरथ राम वर्मा अपने पुत्र राम सुहावन वर्मा के गन्ने के खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उन्हें खेत में गौवंश के अवशेष दिखाई दिए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही हल्का दरोगा सौरभ पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध साक्ष्यों एवं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू की।

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि कुछ माह पूर्व भी क्षेत्र में इसी तरह की घटना सामने आई थी। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गौवंश के अवशेष खेत में कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। नानपारा कोतवाल राजनाथ सिंह के अनुसार, अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित