बहराइच , जून 06 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को थाना रुपईडीहा क्षेत्र के बाबागंज स्थित पथरकट मोहल्ला निवासी कैलाश पथरकट तथा राजू कुछबंधिया के विरुद्ध संगठित गिरोह बनाकर चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे,इस मामले में मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को दुविधापुर-सोरहिया खड़ंजा मार्ग के समीप दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
इस सम्बंध में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। कैलाश पथरकट के विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राजू कुछबंधिया के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट एवं आबकारी अधिनियम सहित पांच मुकदमे पंजीकृत हैं।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित