बहराइच , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह करीब चार बजे नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर सेमरहना गांव के पास बलरामपुर से कैची धाम जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में अभिषेक शुक्ला, दीपू वर्मा (22) और नीतीश सिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अजय शर्मा और लवकुश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित