बहराइच , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बेटी की विदाई के बाद सोमवार को घर लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना बौंडी थाना क्षेत्र के घुरदेवी-संगवा मार्ग पर भदवानी गांव के निकट हुई। ग्राम बबुरी मंझारा तोकली निवासी देशराज पुत्र दुर्जई ने अपनी पुत्री का विवाह 19 जून को मधवापुर गांव में किया था। सोमवार को परिवार के सदस्य विवाह के उपरांत बेटी की विदाई कराने जायलो कार से गए थे।
विदाई कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद सभी लोग कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भदवानी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस तथा बौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर तथा महर्षि बालार्क चिकित्सालय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
दुर्घटना में कलावती (50), अनीता (16), अनीता देवी (35), राजकुमारी (15), रामशरण (40), सुरेंद्र (24), छोटू (10), अनोखा (17), रूपा (41) तथा शिवा (9) घायल हो गए। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। वहीं ग्राम सिपहिया हुलास निवासी अमित (10) पुत्र धर्मराज उर्फ धर्मू गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
थानाध्यक्ष बौंडी त्रिलोकीनाथ मौर्य ने बताया कि दुर्घटना में एक बालक की मृत्यु हुई है जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित