बहराइच , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के थाना के निकट स्थित कपड़े की एक थोक दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसे में दुकान में रखा करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य का कपड़ा एवं अन्य सामान जलकर राख होने का अनुमान है। गश्त पर निकली डायल-112 पुलिस की तत्परता से समय रहते लोगों को घटना की जानकारी मिली और पुलिस, दमकल तथा स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार विशेश्वरगंज थाना के निकट शिव शक्ति कॉम्प्लेक्स में प्रो. सुशीला देवी की दुकान में 'संतोष गारमेंट' नाम से कपड़ों का थोक कारोबार संचालित होता है। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। बताया गया कि रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। घटना के समय डायल-112 की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिसकर्मियों की नजर दुकान से उठ रहे धुएं और आग की लपटों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक को घटना की सूचना दी, जिसके बाद दुकान मालिक भी मौके पर पहुंच गए।
आग की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही समय में दमकल टीम मौके पर पहुंची और पुलिस, डायल-112 कर्मियों तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कपड़ों का भारी स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा अधिकांश सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित