बहराइच , जून 14 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
टीकाकरण कवरेज अपेक्षा से कम पाए जाने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक रणनीति तैयार की है, जिसके तहत पात्र बालिकाओं की पहचान, जनजागरूकता और विशेष टीकाकरण सत्रों के माध्यम से अभियान को गति दी जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) को 14 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं की सूची तैयार कर टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई लाइन लिस्ट में उन बालिकाओं को शामिल किया गया है जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार यह संख्या जिले की कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण माना जाता है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव का प्रभावी माध्यम है और समय पर टीकाकरण भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को जिले के सभी उपकेंद्रों पर विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। सत्रों से पूर्व परिवारों को जागरूक करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को कम से कम पांच पात्र बालिकाओं को टीकाकरण सत्र तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों को भी जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में भी एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जा सके।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अभिभावक अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी सुरक्षा कवच है और बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित