बहराइच , अक्टूबर 30 -- त्तर प्रदेश में बहराइच जिले की देहात कोतवाली ने अधिवक्ता अखिलेश त्रिपाठी को फॉर्च्यूनर कार से टक्कर मारकर घायल करने के मामले में आरोपी मनीष जायसवाल को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इस संबंध में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 23 अक्टूबर को अधिवक्ता अखिलेश त्रिपाठी पयागपुर क्षेत्र के कटेल गांव से न्यायालय जा रहे थे। इसी दौरान देहात कोतवाली क्षेत्र में कथित रूप से मनीष जायसवाल ने फॉर्च्यूनर कार से उन्हें टक्कर मारने का प्रयास किया। घटना में अधिवक्ता का हेलमेट टूट गया और वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले के संबंध में स्थानीय थाना पर तहरीर दी गई थी जिसके बाद पुलिस ने जानलेवा हमले और मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी में देरी से अधिवक्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर नारेबाजी की और गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार से जेल भरो आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया था। जिसके बाद बहराइच की देहात कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी मनीष जायसवाल को बहराइच-लखनऊ हाईवे से गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी मनीष जायसवाल को बहराइच-लखनऊ हाईवे से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित