बहराइच , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने विकास खंड चित्तौरा के ग्राम मोहम्मदनगर में गेहूं की क्राप कटिंग कराई, जिसमें पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष उपज में वृद्धि दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी ने ग्राम निवासी कृषक श्रीमती सुमन पत्नी जोखे लाल के गाटा संख्या 619 पर पहुंचकर गेहूं की फसल की क्राप कटिंग कराई। इस दौरान 23.500 कुंतल प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त हुई, जबकि गत वर्ष जनपद की औसत उपज 22.135 कुंतल प्रति हेक्टेयर थी।
क्राप कटिंग के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने किसानों से फसल बीमा कराने और अपनी उपज को नजदीकी क्रय केंद्रों पर बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान रबी सीजन में क्राप कटिंग का कार्य भारत सरकार द्वारा विकसित जीसीईएस एवं सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत कराया जा रहा है। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित