ग्वालियर , अगस्त 01 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक युवक ने अपनी बहन के ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी की है।

जानकारी के अनुसार युवक घर में नजर नहीं आया तो उसके जीजा ने उसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित अन्य जगहों पर तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिला। फांसी का पता उस समय चला जब इंदौर से मृतक की बहन वापस आई और पानी की मोटर चालू करने के लिए स्टोर रूम में पहुंची तो अंदर भाई की लाश फंदे पर लटकी हुई थी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है।

थाटीपुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी निवासी पीयूष तिवारी ने बताया कि उनकी पत्नी अनुराधा शर्मा अपनी मां से मिलने 26 जुलाई को इंदौर गई हुई थीं। इस दौरान उनका साला कृष्णा शर्मा (19) इंदौर से ग्वालियर आया था और उनके साथ रह रहा था। 28 जुलाई की रात करीब आठ बजे पीयूष मंदिर चले गए, जबकि कृष्णा घर पर ही रुक गया। रात करीब 11 बजे लौटने पर कृष्णा घर में नहीं मिला। उन्होंने आसपास, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

अगले दिन पीयूष की पत्नी और सास इंदौर से घर पहुंचीं। पानी की मोटर चालू करने के लिए अनुराधा स्टोर रूम में पहुंचीं तो उसकी चीख निकल गई। स्टोर रूम में कृष्णा पंखे के कुंडे से रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है।

सूचना मिलते ही पीयूष घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चला है कि किन कारणों के चलते उसने फांसी लगाकर जान दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित