ग्वालियर , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बहनोई के निधन पर परिवार के साथ गमी में शामिल होने गए एक परिवार के सूने घर के ताले तोड़कर चोर नकदी और सोने का हार चोरी कर ले गए। घटना सिरोल थाना क्षेत्र की हुरावली स्थित न्यू कृष्णा विहार कॉलोनी की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, न्यू कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय मोजू गुर्जर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने भाई जगबीर सिंह और भाभी वर्षा के साथ हुरावली में रहते हैं। 02 अगस्त की रात करीब आठ बजे उनके जीजा राजेश सिंह का निधन हो गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद मोजू अपने भाई, भाभी और बच्चों के साथ घर पर ताला लगाकर गमी में शामिल होने मुरैना चले गए थे।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले अनिल तिवारी ने फोन कर मकान का मुख्य दरवाजा खुला होने और चोरी की आशंका की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मोजू अपने जीजा सीपेंद्र गुर्जर के साथ दोपहर करीब 12.30 बजे हुरावली पहुंचे।
घर के अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कोने में रखी अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखा भाभी का सोने का हार और कुछ नकदी गायब मिली। फरियादी की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित