रायपुर , मार्च 05 -- छत्तीसगढ में होली पर्व के दौरान लगातार करीब तीन दिन तक कानून-व्यवस्था की कमान संभालने के बाद गुरुवार को पुलिस कर्मियों ने राहत के पल बिताए। सुरक्षा ड्यूटी की लंबी तैनाती के बाद थानों और पुलिस लाइनों में पुलिसकर्मियों ने आपसी भाईचारे के साथ होली मनाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर सहित विभिन्न जिलों में पुलिसकर्मी उत्सव के रंग में रंगे नजर आए। बिलासपुर में डीजे की धुन पर जवानों ने थकान को पीछे छोड़ जमकर थिरकते नजर आये। इसके अलावा साथी कर्मियों को गुलाल लगाकर और शुभकामनाएं देकर उन्होंने त्योहार की उमंग साझा की।

वहीं रायगढ़ में पुलिस जवानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गले मिलकर खुशियां बांटी। ड्यूटी के दबाव और जिम्मेदारियों के बीच मिले इन पलों ने जवानों के चेहरों पर सुकून और संतोष की झलक साफ दिखाई दी।

होली के दौरान प्रदेशभर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल ने लगातार मुस्तैदी दिखाई। त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब जवानों ने भी अपने साथियों संग उत्सव का आनंद लिया। खाकी वर्दी में सजे इन रंगों ने यह संदेश दिया कि कर्तव्य निभाने के साथ-साथ उत्सव की खुशियों को भी साझा करना जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित