हनुमानगढ़ , मार्च 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर मंगलवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी और पांच से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि निजी बस श्रीगंगानगर से जयपुर के लिये सुबह पांच बजे रवाना हुई थी। यह बस हनुमानगढ़ में बरमसर के पास एक वाहन से आगे निकलने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गयी। इससे बस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि पांच से अधिक लोग घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रावतसर के पुलिस उपाधीक्षक सुभाष गोदारा , थाना प्रभारी ईश्वरानन्द पुलिसकर्मियों सहित मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को रावतसर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ टाउन में जिला चिकित्सालय भेजा गया है। शव रावतसर के सरकारी अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिये गए हैं। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास कर रही है। मौके पर रावतसर के उपखंड अधिकारी संजय कुमार और अन्य अधिकारी भी पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित