चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक परगट सिंह ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार से पंजाब भर में बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास संचालित हो रहे होटलों और गेस्ट हाउसों की व्यापक जांच कराने की मांग की है।
श्री सिंह ने शुक्रवार को कहा कि कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर संचालित किये जा रहे कुछ होटलों के संबंध में युवाओं को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने, साजिशों का शिकार बनाने, नशे के कारोबार तथा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं और इन पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों तथा सार्वजनिक परिवहन केंद्रों के आसपास स्थित होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी बेहद जरूरी है। यदि किसी होटल या गेस्ट हाउस में कानून का उल्लंघन, अवैध गतिविधियां अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पायी जाती है, तो उसके संचालकों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून का पालन करने वाले होटल कारोबारियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर यह स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि पंजाब में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पुलिस, स्थानीय प्रशासन, पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के माध्यम से पूरे पंजाब में विशेष जांच अभियान चलाया जाये। इस दौरान होटलों के लाइसेंस, रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के अनुपालन की गहन जांच की जाये। उन्होंने कहा कि दोषी पाये जाने वाले संचालकों के लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि पंजाब के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार की जिम्मेदारी है कि कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करे और उन तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाए जो युवाओं को अपराध, नशे अथवा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित