भीलवाड़ा , मई 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बस में सवार तस्कर को गिरफ्तार करके उसके पास से दो किलो 66 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि थाना के सामने भीलवाड़ा-गुलाबपुरा मार्ग पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से आई भरतपुर डिपो की एक रोडवेज बस को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस को देखकर बस से उतरकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी करके पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में व्यक्ति ने खुद को चित्तौडग़ढ़ जिले के तुमडिय़ा गांव निवासी किशन (32) बैरवा बताया। उसकी तलाशी ली गई, तो पता चला कि उसने अपने दोनों पैरों पर अफीम की दो प्लास्टिक थैलियां लपेट रखी थीं और उन्हें पीले रंग की टेप से छिपाया हुआ था। जिसमें अफीम भरी थी।
पुलिस ने उन थैलियों से दो किलो 66 ग्राम अवैध अफीम बरामद करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित