अलवर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक निजी बस द्वारा ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे से टक्कर मारने से एक बालक की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एक निजी बस कोटकासिम से डेहरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गयी और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गये। इस ट्रॉली में बैठकर बाराती पास ही एक बरात में जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि इससे रितिक (12) पुत्र ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित