अलवर , सितम्बर 27 -- राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के नीमराणा थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर राजमार्ग-48 पर रविवार को एक बस की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार एक व्यक्ति और उसकी भांजी की मौत हो गयी, जबकि एक महिला घायल हो गयी।
थाना अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि हादसा नीमराणा थाने के सामने सर्विस लाइन पर हुआ। गंभीर घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि दोपहर में जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस नीमराणा थाने के सामने सर्विस लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक एक मोटर साइकिल बस के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस आगे खड़ी दूसरी बस से जा टकराई। मोटर साइकिल दोनों बसों के बीच आ गयी।
सुरेंद्र ने बताया कि इससे संदीप शर्मा और उसकी भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप शर्मा की बहन गंभीर रूप से घायल हो गयी। हादसे की सूचना मिलते ही नीमराणा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित