रायपुर , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ में यात्री बसों के किराए में बढ़ोतरी की मांग पर राज्य सरकार जल्द निर्णय ले सकती है।

प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप के साथ बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों और प्रदेशभर से आए बस संचालकों की बैठक में साधारण बसों का किराया 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों का किराया 30 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया।

आज हुई इस बैठक में किराया वृद्धि के अलावा स्लीपर बसों की कर व्यवस्था, स्टेज कैरिज बसों की समय-सारिणी, ऑनलाइन परमिट, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, फिटनेस और महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

श्री कश्यप ने किराए से संबंधित मामले का जल्द समाधान करने की बात कहते हुए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बस संचालकों ने स्लीपर बसों में एक स्लीपर के बदले दो सीट के बराबर टैक्स लिए जाने की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग की। फेडरेशन ने प्रस्ताव रखा कि एक स्लीपर पर एक सीट के बराबर टैक्स लिया जाए। इस पर परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को इसके तकनीकी, व्यावहारिक और राजस्व संबंधी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए।

स्टेज कैरिज बसों की समय-सारिणी को व्यवस्थित करने के लिए संचालकों ने मुख्य मार्गों पर बसों के बीच 10 मिनट और ग्रामीण मार्गों पर 30 मिनट का अंतर रखने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे एक ही मार्ग पर बसों के बीच अनावश्यक प्रतिस्पर्धा कम होगी और संचालन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।

बैठक में सभी स्टेज कैरिज बसों के परमिट ऑनलाइन जारी करने का विषय भी उठा। विभाग की ओर से बताया गया कि ऑनलाइन परमिट जारी किए जा रहे हैं। कश्यप ने परमिट के साथ परिवहन विभाग की अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए, जिससे आम लोगों और बस संचालकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

महिला यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बसों की ऑनलाइन निगरानी को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में कहा गया कि बस में पहली या आखिरी सवारी महिला होने पर वाहन की ऑनलाइन ट्रैकिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। बसों में लगे कैमरे और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस चालू रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फेडरेशन ने यात्री किराए में वृद्धि के साथ ही 11 मार्च 2025 को जारी संशोधित अधिसूचना को निरस्त करने की मांग भी रखी।

श्री कश्यप ने किराए से जुड़े सभी पहलुओं पर आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

बैठक में बस ऑनर फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी, प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए बस संचालक और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित