बस्तर, अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर के नगरनार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 5.265 किलोग्राम गांजा जब्त किया। आरोपी बस के जरिए गांजा परिवहन करने की फिराक में था।

बस्तर पुलिस ने शनिवार को बताया - बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार (11 अप्रैल) को थाना नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण राजपुत (23) निवासी भानपुर, थाना रामपाईली जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो बैग में रखे पांच पैकेटों में कुल 5.265 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2,63,250 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,730 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत 2,69,980 रुपये आंकी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित