बेतिया , अक्टूबर 14 -- पश्चिम चंपारण जिले के बलथर थाना क्षेत्र में मैनाटांड़-बेतिया मुख्य पथ पर पुरैनिया मोड़ के समीप बस और कार की टक्कर में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और विवाहित बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतका की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुजहा पटजीरवा गांव के शेखटोली निवासी मोहम्मद जहांगीर खान की पत्नी रवीना खातून के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार मरजद्वा के भेड़िहारी गांव में एक मैयत में शामिल होने और मिट्टी देने जा रहा था। इसी दौरान पुरैनिया मोड़ के समीप मैनाटांड़ से बेतिया जा रही शिवदानी बस और उनकी कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार रवीना खातून की मौत हो गई, जबकि उनके पति और विवाहित बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित