बस्ती , सितम्बर 29 -- उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के कोतवाली थाने में मंगलवार को एक महिला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सहित तीन व्यक्तियों के विरूद्ध धोखाधड़ी के मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी दीपांशी श्रीवास्तव ने तहरीर देकर कहा है कि अनूप खरे, दिव्याशु खरे तथा अनुभव श्रीवास्तव द्वारा धोखाधड़ी करके उनके पिता से 2022 में आठ लाख 70 हजार रूपया और मां के खाते से तीन लाख रुपयेले लिया था जबकि पिछली 23 सितम्बर को पांच लाख रूपया धमकी देकर उनसे ले लिये है।

आरोप है कि पैसा मांगने पर तीनों व्यक्ति जानमाल की धमकी देते है तथा फोन पर अपशब्द कहते है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों व्यक्तियों के विरूद्ध धारा 318/4, 352, 351, 308, 420, 504, 506 सहित अन्य गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।

गौरतलब है कि अनूप खरे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता है। भाजपा ने उनको अध्यक्ष नगर पालिका का प्रत्याशी बनाया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित