बस्ती , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हर्रैया थाना पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के चोरी के जेवरात, नकदी, अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि हर्रैया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी सुजीत पासी निवासी कमलापुर, जनपद सीतापुर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुजीत पासी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ उसके चार अन्य साथी जगतू निवासी सकरम, सर्वेश चौहान निवासी बिसवां, रामजी चौरसिया निवासी कुरसंडा तथा सुधाकर निवासी सकरम, जनपद सीतापुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 32 हजार रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। घायल सुजीत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते थे और चोरी का सामान 100 से 200 किलोमीटर दूर जाकर बेच देते थे, ताकि पहचान न हो सके। पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित