बस्ती , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में सोमवार को तालाब में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुबौलिया थाना क्षेत्र के निदुरी गांव निवासी अहमद (12) और नफीस (11) सोमवार को गांव के तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए, जिससे डूबने लगे।

घटना देख ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित