बस्ती , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में छावनी थाना पुलिस ने शनिवार को डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का डीजल, नकदी और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में भीम पाण्डेय निवासी मुस्तफाबाद, धीरज गोस्वामी निवासी उत्तरेथु गोसाई का पुरवा तथा मोहन पाण्डेय निवासी मुस्तफाबाद जनपद अम्बेडकरनगर शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 100 लीटर चोरी का डीजल, नगदी तथा डीजल चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सड़क किनारे खड़े वाहनों से समूह बनाकर डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भीम पाण्डेय की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। छावनी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित