बस्ती , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने गुरुवार को विकास खंड कप्तानगंज स्थित सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात एक सफाईकर्मी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी विनय कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बस्ती मंडल से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी की आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति कराने के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विकास खंड कप्तानगंज के सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात सफाईकर्मी शिवमूरत नियुक्ति प्रक्रिया में मदद के एवज में घूस मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही आरोपी सफाईकर्मी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित